नववर्ष पर उत्सव नहीं, सेवा का संकल्प: बाला जी सेवा टीम ने बालाजी मंदिर में किया चने के प्रसाद का भंडारा


बदायूं।
जब नववर्ष के अवसर पर अधिकांश लोग महंगे स्थानों पर जश्न, दिखावे और भोग-विलास में समय व्यतीत करते हैं, ऐसे समय में बाला जी सेवा टीम, बदायूं ने समाज को सेवा, संस्कार और मानवता का सार्थक संदेश दिया। नववर्ष के पावन अवसर पर टीम द्वारा बालाजी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए चने के प्रसाद का भंडारा आयोजित किया गया।
इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य नववर्ष को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर समाज को सेवा और संवेदनशीलता के मार्ग पर प्रेरित करना रहा। बाला जी सेवा टीम का मानना है कि नववर्ष की सच्ची शुरुआत किसी जरूरतमंद को भोजन कराने, प्यासे को राहत देने और असहाय की सहायता करने से होती है। सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं और मानवता से बड़ा कोई उत्सव नहीं, इसी भावना के साथ यह आयोजन संपन्न कराया गया।
टीम के सदस्यों ने बताया कि बाला जी सेवा टीम पिछले एक वर्ष से निरंतर सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से लगी हुई है। इस दौरान टीम ने बिना किसी दिखावे के समाजसेवा को ही अपना उद्देश्य बनाया है। गर्मियों में शर्बत वितरण, सर्दियों में ठंड से बचाव हेतु जरूरतमंदों को कंबल व वस्त्र उपलब्ध कराना तथा समय-समय पर भोजन वितरण जैसे सेवा कार्य टीम की पहचान बन चुके हैं।
टीम का उद्देश्य है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति नववर्ष जैसे अवसरों पर दिखावे और फिजूलखर्ची से दूर रहकर सेवा, सहयोग और करुणा का संकल्प ले। इसी सोच के साथ बाला जी सेवा टीम आने वाले समय में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पुनीत सेवा कार्य में बाला जी सेवा टीम के सदस्य हर्षित, पुष्पेंद्र, शिवम्, अमित कुमार, छत्रपाल राजपूत, शोभेंद्र माथुर एवं वीरेंद्र माथुर ने समर्पण भाव से सेवा कर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और टीम के इस सराहनीय प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
