8:07 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

क्रिसमस डे पर कुंवर गांव के वार्ड नंबर 3 में घर में लगी आग, लाखों का नुकसान

क्रिसमस डे के दिन कुंवर गांव कस्बे के वार्ड नंबर 3 में एक घर में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। आग घर में बने मंदिर में जल रहे दीपक से लगने की आशंका जताई जा रही है।

वार्ड नंबर 3 निवासी सत्यवीर पुत्र हृदेश कुमार व प्रदीप संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार 25 दिसंबर को क्रिसमस डे के अवसर पर घर में पूजा के लिए मंदिर में दीपक जलाया गया था। इसी दौरान परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। करीब साढ़े 11 बजे मोहल्ले के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। दमकल कर्मियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पीड़ित सत्यवीर के अनुसार आग में करीब 10 से 11 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग में एक डबल बेड, दो एलसीडी टीवी, अलमारी, दो सोफा, पंखे, कपड़े तथा कई महत्वपूर्ण सरकारी कागजात जलकर नष्ट हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई। राजस्व निरीक्षक विनोद पुरी व हल्का लेखपाल बृजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी। लेखपाल बृजेश कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग से करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव

विज्ञापन एक्सप्रेस