7:40 pm Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गाँव- जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की संस्तुति

मां–बेटी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर पोषाहार वितरण में अनियमितता का आरोप, जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की संस्तुति कुंवर गाँव विकास खण्ड सालारपुर की ग्राम पंचायत हसनपुर एवं फकीराबाद में बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को मिलने वाले पोषाहार के वितरण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हसनपुर में कीर्ति शास्त्री एवं ग्राम फकीराबाद में ममता आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर कार्यरत हैं। विकास खण्ड सालारपुर प्रदेश के 100 आकांक्षात्मक विकास खण्डों में चयनित है, जहां मुख्यमंत्री शोधार्थी के रूप में मयंक सिंह कार्यरत हैं। उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां न तो नियमित रूप से केंद्र खोल रही हैं और न ही गर्भवती महिलाओं व बच्चों को निर्धारित पोषाहार वितरित किया जा रहा है।

शिकायत की जांच के उपरांत मयंक सिंह द्वारा अपनी आख्या खण्ड विकास अधिकारी सालारपुर नितिन कुमार को सौंपी गई। इसके क्रम में खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दोनों ग्राम पंचायतों में स्थलीय जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों पर न तो नियमित संचालन हो रहा है और न ही पोषाहार वितरण किया जा रहा है।

जांच के समय ग्राम हसनपुर की पूजा, आरती, कुसुमा, सुषमा एवं सुमन तथा ग्राम फकीराबाद की रामप्यारी, गोमती एवं ऊषा ने लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया कि उन्हें लंबे समय से पोषाहार नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि दोनों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां आपस में मां–बेटी हैं।

मामले में शिकायत सही पाए जाने पर खण्ड विकास अधिकारी नितिन कुमार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्री कीर्ति शास्त्री (हसनपुर) एवं ममता (फकीराबाद) के विरुद्ध कठोरतम विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को प्रेषित कर दी गई है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

विज्ञापन एक्सप्रेस