8:43 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव क्षेत्र में ओवरलोडिंग का खुला खेल, गांव-गांव फैला गन्ना माफियाओं का नेटवर्क

मिली जानकारी के अनुसार कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बाबत, मोगर, हरिनगला, हुसैनपुर, नंदगांव, दुगरिया सहित आसपास के कई गांवों को कुछ सक्रिय गन्ना माफियाओं ने अपना ठिकाना बना रखा है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इन इलाकों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रूप से गन्ने की ढुलाई कर रही हैं। हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कुंवरगांव थाने के सामने से होकर गुजरती हैं और सीधे शाहाबाद गन्ना मिल तक पहुंच जाती हैं। दावा है कि कई ट्रॉलियों में ट्रकों से भी अधिक गन्ना भरा जाता है, जिससे न सिर्फ यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि आम लोगों की जान भी खतरे में डाली जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सड़कों पर इन भारी-भरकम ओवरलोड वाहनों के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनती है, बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग हमेशा हादसे की आशंका में रहते हैं। इसी क्रम में भान-लाल कुआं क्षेत्र से बजरी और बजरफुट से भरे ओवरलोड वाहन भी लगातार निकलने की बात कही जा रही है। आरोप है कि इन वाहनों के चालकों से कथित तौर पर “सेटिंग” के बाद उन्हें बिना रोक-टोक आगे जाने दिया जाता है। जब नियमों को लागू करने वाले ही आंखें मूंद लें, तो अवैध कारोबारियों के हौसले और बुलंद हो जाते हैं।

ओवरलोडिंग की वजह से सड़कों की हालत तेजी से खराब हो रही है, पुल-पुलियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और कोहरे या रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही, जिससे लोगों में आक्रोश है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस कथित नेटवर्क पर शिकंजा कसेगा या फिर हादसों के बाद ही कार्रवाई की परंपरा निभाई जाएगी। क्षेत्रवासियों की मांग है कि ओवरलोडिंग पर सख्त रोक लगे, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

जब थाने के सामने से नियम रौंदे जाएं, तो हादसे चेतावनी नहीं—नतीजा बन जाते हैं। प्रशासन तय करे, कानून चलेगा या माफियाओं की ट्रॉली?

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस