राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में आज दिनांक 20 नवंबर 2025 को महिला प्रकोष्ठ एवं आइक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन कु. सरिता गौतम ने किया। कार्यक्रम की मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. भावना सिंह रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कृष्णा सिंह, अध्यक्ष, होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन; छवि वैश्य, जिला मिशन समन्वयक, महिला कल्याण विभाग; प्रीति चौहान, जेंडर स्पेशलिस्ट, महिला कल्याण विभाग; तथा कशिश सक्सेना, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में छवि वैश्य ने घरेलू हिंसा पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि घरेलू हिंसा केवल शारीरिक प्रताड़ना तक सीमित नहीं है, बल्कि मौखिक, मानसिक एवं भावनात्मक हिंसा भी इसके दायरे में आती है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
डॉ. कृष्णा सिंह ने महिलाओं पर हो रही विभिन्न प्रकार की हिंसा की शिकायत हेतु उपलब्ध महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी तथा महिलाओं को निर्भय होकर कानूनी सहायता लेने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में कशिश सक्सेना ने महिलाओं के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए बनाए गए प्रमुख कानूनों एवं विधिक प्रावधानों की जानकारी छात्राओं को सरल भाषा में प्रदान की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हित में बनाए गए कानून तभी प्रभावी होंगे जब महिलाएं स्वयं इनके उपयोग हेतु जागरूक हों।
अंत में, प्राचार्या डॉ. वंदना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं को ऐसे कार्यक्रमों से प्रेरणा लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में समस्त अतिथियों को महाविद्यालय की तरफ से प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त महाविद्यालय परिवार का सहयोग प्राप्त हुआ।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



