बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे पर टोल के पास से वाहन गुजरने का विरोध करने पर कार सवारों ने अपने साथियों के साथ ठेकेदार पर हमला बोल दिया। ठेकेदार को लाठी डंडों से पीटा। ठेकेदार ने सोने की चेन लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी यशपाल सिंह गंगा एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा का निर्माण करा रहे हैं। टोल बनाने का ठेका उनके ही पास है। शुक्रवार की देर शाम वहां से एक ईको कार गुजर रही थी। ठेकेदार यशपाल ने कार चालक से कार को वहां से न ले जाने को कहा। ठेकेदार ने कहा कि डीएम का आदेश है कि यहां से कोई वाहन नहीं गुजरेगा इसलिए वह नीचे की ओर से अपनी कार निकाल लें। इस बात पर कार सवार और ठेकेदार के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि रात को वह अपने गांव जा रहे थे, इसी दौरान उघैती थाना क्षेत्र के गांव मोहन नगला के पास कार सवारों ने अपने साथियों के साथ ठेकेदार पर हमला बोल दिया। लाठी डंडों से उनको जमकर पीटा गया। मामले की सूचना पर यूपी 112 पीआरवी पहुंची तो पुलिस को देखकर हमलावर भाग गए। ठेकेदार का आरोप है कि हमलावर उनके गले से ढाई तोले की सोने की चेन भी छीन ले गए। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



