11:38 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर सभाकक्ष में हुआ हिंदी संगोष्ठी का आयोजन।

बरेली 17 जून।

राजभाषा विभाग पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर के तत्वावधान में मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय के सभाकक्ष में मण्डल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, इज्जतनगर की जून-2025 की तिमाही की समीक्षा बैठक एवं हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन मण्डल रेल प्रबन्धक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. श्यामपाल सिंह मौर्य, पूर्व विभागाध्यक्ष (हिन्दी) बरेली कॉलेज, बरेली ने ‘वर्तमान में हिन्दी की दशा और दिशा’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि राजभाषा सप्ताह समारोह के अवसर पर राजभाषा के प्रचार एवं प्रसार के लिए अहर्निश संकल्पबद्ध हों। अपनी हिन्दी भाषा के लिए हम जो समर्पण कर सकते हैं उससे कभी पीछे न हटें। उन्होंने आगे कहा कि-

लीक-लीक गाड़ी चले, कायर और कपूत।
लीक छोड़ तीन चले सिंह, शायर और सपूत।।

उन्होंने कहा कि हम संकल्प लें राजभाषा के विकास के लिए समर्पित होने का क्योंकि जब व्यक्ति बलिदान और समर्पण के लिए समर्पित हो तो हर विकास सम्भव है।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक सुश्री वीणा सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि इस मण्डल पर हिन्दी प्रयोग का अच्छा वातावरण है। अधिकांश पत्राचार हिन्दी में हो रहा है तथा टिप्पणियाँ भी हिन्दी में लिखी जा रही हैं। हिन्दी हमारी राजभाषा है। यह एक सरल और सशक्त भाषा है। मीडिया और इण्टरनेट के दौर में इसका प्रयोग-प्रसार लगातार बढ़ रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम अच्छी हिन्दी सीखें और अपने दैनिक कार्यों में उसका प्रयोग करें। आज का दिन एक बार फिर यह संकल्प करने का दिन है कि हम अपने कार्यों में हिन्दी का शत-प्रतिशत प्रयोग करेंगे।

इस आयोजन में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक मनोज कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित थे।
सोम्य सोनी

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.