1:33 am Saturday , 15 August 2026
BREAKING NEWS

रुदायन नगर पंचायत में अव्यवस्था की पोल खुली

औचक निरीक्षण में बंद मिला एमआरएफ सेंटर, गौशाला में बीमार गायों के सामने सिर्फ सूखा भूसा
बदायूँ। नगर पंचायत रुदायन में लंबे समय से फैली अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की हकीकत गुरुवार को औचक निरीक्षण में पूरी तरह उजागर हो गई। नायब तहसीलदार मोहित राठी के निरीक्षण में जो हालात सामने आए, उन्होंने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान एमआरएफ सेंटर बंद मिला, जबकि कान्हा गौशाला में बीमार मवेशी बदहाल हालत में पड़े थे। सबसे शर्मनाक तस्वीर तब सामने आई जब बीमार गायों के सामने केवल सूखा भूसा पड़ा मिला और उनके इलाज के लिए मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।
जनता में गुस्सा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत अफसर और ठेकेदार मिलकर करोड़ों के बजट को कागज़ों में हज़म कर रहे हैं। टूटी सड़कों की मरम्मत वर्षों से नहीं हुई, उलटे सही–सलामत सड़कों को तोड़कर जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद किया जा रहा है। नाली–नालों पर जाल तक नहीं लगाए गए हैं, जिससे रोज़ाना हादसों का खतरा बना रहता है।
मीडिया की ताक़त
ने कुछ दिनों पहले नगर पंचायत रुदायन की अनियमितताओं को लेकर ख़बर बदायूँ एक्सप्रेस न्यूज द्वारा प्रकाशित गईं थी। उसी खबर का असर था कि प्रशासन को औचक निरीक्षण करना पड़ा। लेकिन निरीक्षण ने स्थिति को और भी भयावह तरीके से सामने रख दिया।
बड़ा सवाल प्रशासन पर
लोगों का कहना है कि रुदायन नगर पंचायत में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं और ऊपर तक मिलीभगत है। अब हर किसी की नज़र इस बात पर है कि क्या प्रशासन दोषियों पर सख़्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस