जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट —-
मथुरा के बरसाना में राधाष्टमी 31 अगस्त को मनाई जाएगी। इस उत्सव पर पूरा बरसाना ‘लाडलीजी’ के रंग में डूबा हुआ दिख रहा है। यहां की गलियों में राधे-राधे की गूंज है। भक्त सखी और श्रीकृष्ण के रूप में मंदिर पहुंचने लगे हैं। राधा रानी के जन्म के बाद दर्शन के लिए 2 दिन में 15 लाख भक्त बरसाना पहुंचेंगे।
महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड और यूपी से लोग राधा रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ज्यादातर भक्तों के हाथों में उनके लड्डू गोपाल हैं, ताकि जन्म के बाद श्रीजी अपने ठाकुरजी को देख सके। वहीं, ठाकुरजी भी एक नजर श्रीजी को निहार लें।
भक्तों की दर्शन इच्छा पूरी करने के लिए श्रीजी मंदिर में राधा रानी 15 घंटे दर्शन देने वाली हैं। सामान्य दिनों में यह दर्शन 11 घंटे तक होते हैं। 31 अगस्त की सुबह 4 बजे से अभिषेक के दौरान भी श्रद्धालुओं को 1 घंटे तक राधा रानी के दर्शन होंगे। जन्म के बाद पहले श्रृंगार में राधाजी पीतांबर वस्त्र धारण करेंगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



