चठिया सेवाराम। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्राचीन मंदिर श्री ठाकुर जी महाराज चठिया सेवाराम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह परंपरा सैकड़ों वर्षों से निरंतर जारी है, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं।
शोभायात्रा का शुभारंभ महंत अवनीश रतन जी महाराज ने किया। जैसे ही पालकी गांव की गलियों से गुज़री, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे गांव में दध (दही) छिड़का गया, जिसे समृद्धि और शुभ का प्रतीक माना जाता है। ढोल-नगाड़ों की धुन और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाएँ मंगलगीत गाती रहीं, वहीं बच्चों और युवाओं ने झांकियों में श्रीकृष्ण बाल-लीला, माखन चोरी और रासलीला का जीवंत मंचन किया।
गांव के प्रत्येक मार्ग पर प्रसाद वितरण और जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। बुजुर्गों ने बताया कि इस शोभायात्रा की शुरुआत उनके पूर्वजों ने की थी और तब से आज तक यह परंपरा लगातार जारी है। उनके अनुसार यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्ता रखता है बल्कि सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी है।
इस अवसर पर सुनील अवस्थी,महंत अवनीश रतन, दीपक मौर्य, रवि प्रकाश, अनूप शर्मा, महन्त मुकेश गोस्वामी, शिवम गंगवार, पिंटू सक्सेना, पीयूष गंगवार और योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
