पैंट की जेब में मिला मोबाइल, बनियान पर खून के निशान
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के लाही फरीदपुर गांव के पास गुरुवार सुबह तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह व सिपाही अनुज मौके पर पहुंचे और पैंट उतारकर पानी में उतरकर शव को बाहर निकाला।
शव की शिनाख्त के लिए तलाशी ली गई तो मृतक की पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जो बंद था। मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में डालते ही परिजनों के कॉल आने लगे, जिससे मृतक की पहचान गांव ललेई निवासी 22 वर्षीय सत्यवीर पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई।
सत्यवीर बाइक मिस्त्री था और गांव दुगरैया में उसकी दुकान थी। भाई विजपाल ने बताया कि सोमवार को वह घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन रिश्तेदारी और आसपास खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। न ही उन्होंने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी थी। गुरुवार को तहरीर देने की योजना थी, तभी तालाब में शव मिलने की सूचना आ गई।
परिजनों का आरोप है कि सत्यवीर की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। उनकी बनियान पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के बीच मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। कुछ का कहना है कि संभवतः इसी वजह से उसकी हत्या की गई हो। वहीं, भाई के अनुसार सत्यवीर मित्रमंडली वाला था और दोस्तों के साथ बैठकर शराब भी पीता था। इससे पहले भी वह 3-4 दिन तक दोस्तों के साथ घर से गायब रह चुका था और फिर लौट आया था।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
