बरेली। गुरुवार रात करीब 11 बजे रामगंगा पुल पर एक दर्दनाक घटना घटी। भारी बारिश और अंधेरे के बीच एक युवक ने रामगंगा में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सब प्रयास नाकाम रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, पीपल फॉर एनिमल बदायूं की टीम बरेली से लौट रही थी, तभी पुल पर एक स्कूटी खड़ी दिखाई दी। स्कूटी की डिग्गी खुली हुई थी और पास ही बारिश में भीगा एक युवक अकेला खड़ा था। जब कुछ लोग उसके पास गए तो उसने पहले कहा कि वह किसी का इंतज़ार कर रहा है। थोड़ी देर बाद उसने खुद स्वीकार किया कि वह अपनी जिंदगी से परेशान है और आत्महत्या करने जा रहा है।
इसके बाद युवक ने अपना मोबाइल स्कूटी की डिग्गी में रखा, एक बोतल निकाली और उसमें से कुछ पी लिया। फिर अचानक उसने हाथ छुड़ाकर रामगंगा की तेज बहाव वाली लहरों में छलांग लगा दी।
बारिश की तेज बूंदों और बहाव की गर्जना के बीच सब कुछ कुछ ही सेकंड में खत्म हो गया। लोगों ने शोर मचाया, मदद के लिए दौड़े, लेकिन अंधेरा और तेज धारा के आगे सब बेबस हो गए।
सूचना पर पुलिस पहुंची और रातभर खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका । फिलहाल पुलिस उसकी पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
