1:48 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

रक्षाबंधन पर सजा राखियों का बाजार, बहनों में दिखा उत्साह और नई रचनात्मकता

नगर कुंवरगांव भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में रौनक चरम पर है। शहर से लेकर कस्बों तक राखियों से सजे स्टॉल और दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। बहनों में इस बार खास उत्साह नजर आ रहा है। बाजारों में आधुनिक और पारंपरिक राखियों का संगम देखने को मिल रहा है।

नगर पंचायत कुंवर गाँव के पुराना थाना शिव मंदिर मेन चौराहा मेन सराफ मार्केट सहित कई स्थानों पर अस्थायी स्टॉल लगाकर दुकानदारों ने राखियों की बिक्री शुरू कर दी है। इस बार की राखियों में विशेष रूप से इको-फ्रेंडली, चांदी जड़ी, डिजिटल राखी, तथा पर्सनलाइज्ड फोटो राखियों की मांग अधिक देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार, बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां जैसे छोटा भीम, स्पाइडरमैन, फ्रोज़न और लाइटिंग वाली राखियों की बिक्री सबसे ज्यादा हो रही है।

रेशम, मोती, रुद्राक्ष, जय श्रीराम, स्टोन डिजाइन और डिजिटल कोड वाली राखियां, जिनसे ऑडियो या वीडियो संदेश जुड़ा हो, युवाओं में खासा आकर्षण का केंद्र बनी हैं। कीमत की बात करें तो बाजार में 5 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। इस बार लोकल आर्टिसन द्वारा बनाई गई हस्तनिर्मित राखियों को भी खूब पसंद किया जा रहा है।

महिलाएं व युवतियां देर शाम तक खरीदारी में व्यस्त नजर आ रही हैं। कई बहनों ने अपने दूर-दराज रहने वाले भाइयों के लिए ऑनलाइन या डाक के जरिए राखी भेजना शुरू कर दिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। कस्बे में राखी की दुकानें सज चुकी हैं और बाजारों में चहल-पहल बढ़ती जा रही है।

त्योहार को लेकर हर उम्र की बहनें अपने भाई के लिए खास राखी चुनने में लगी हैं। इस बार का रक्षाबंधन सिर्फ परंपरा ही नहीं बल्कि आधुनिकता और भावनाओं का मेल बनकर उभर रहा है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव

विज्ञापन एक्सप्रेस