9:17 pm Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल पर ‘‘स्वच्छता अभियान 2025‘‘ का भव्य आयोजन

बरेली, 1 अगस्त 2025: पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में “स्वच्छता अभियान 2025” की शुरुआत आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम के साथ हुई। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के निर्देशन और ई.एन.एच.एम. विभाग के तत्वावधान में यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है—प्रथम चरण 1 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक और द्वितीय चरण 16 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 तक।

कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखा अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देशवासियों का यह कर्तव्य है कि स्वच्छ भारत के लक्ष्य को पाने के लिए अपने कार्यस्थल से शुरुआत करें और हर वर्ष कम से कम 100 घंटे (हर सप्ताह 2 घंटे) श्रमदान अवश्य करें। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि हम स्वच्छ दिखने वाले देशों से प्रेरणा लेकर अपने नगर, मोहल्ले, गाँव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखें, जिससे भारत माता की सच्ची सेवा हो सके।

इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हाथरस सिटी, मथुरा छावनी, भोजीपुरा, पीलीभीत, टनकपुर, किच्छा, बहेड़ी, पंतनगर, लालकुआं, हल्द्वानी, काठगोदाम, काशीपुर, रुद्रपुर सिटी और रामनगर—पर भी अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

स्वच्छता अभियान के दोनों चरणों में मंडल के सभी रेलवे स्टेशन, कार्यालय, रेलवे कॉलोनियां, ट्रेनों के कोच, चिकित्सा संस्थान, ट्रैक, यार्ड और डिपो में गहन सफाई, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, और पौधारोपण जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह प्रयास अनवरत रूप से चलता रहेगा ताकि रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण बना रहे।

इस व्यापक अभियान का कुशल संचालन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ई.एन.एच.एम.) श्री डॉलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिन्होंने सभी विभागों के समन्वय से कार्यक्रम को प्रभावशाली ढंग से आयोजित किया।

यह स्वच्छता अभियान इज्जतनगर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि रेलवे न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए कार्य कर रहा है, बल्कि स्वच्छ भारत के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस