बदायूं। अब जिले के छात्र-छात्राओं को रोडवेज बसों में सफर करना पहले से अधिक किफायती और आसान होगा। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने स्मार्ट एमएसटी कार्ड योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत छात्र महीने में 60 यात्राएं कर सकेंगे और उन्हें लगभग 40% किराए में छूट मिलेगी।
बस स्टेशन इंचार्ज राजेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि छात्र एमएसटी कार्ड बनवाकर आसानी से किसी भी बस स्टेशन से इसे रिचार्ज करा सकेंगे, जिससे उन्हें बार-बार टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। कार्ड बनवाने के लिए छात्रों को 300 रुपये, दो पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, हाईस्कूल मार्कशीट और विद्यालय द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र देना अनिवार्य होगा।
इस योजना का लाभ जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर के दायरे में आने वाले छात्रों को मिलेगा। 25 यात्राओं का किराया लेकर 60 यात्राएं करने की सुविधा दी जाएगी। वर्तमान में जिले में 160 रोडवेज बसें विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं, जिनसे हर दिन हजारों छात्र सफर करते हैं।
एआरएम मदन मोहन शर्मा ने कहा कि छात्रों की सुविधा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह छूट दी गई है। अब तक 35 से अधिक छात्र आवेदन कर चुके हैं और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रदीप प्रजापति
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
