बदांयू 21 मई।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने की तय मियाद खत्म हो जाने के बाद भी जिले में बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के ही 25 प्रतिशत से अधिक वाहन फर्राटा भर रहे हैं। ऐसे वाहनों में अभी तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लग सकी है। इसके बावजूद लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई को लेकर जिम्मेदार उदासीनता बरत रहे हैं।
जिले में करीब दो लाख से ज्यादा निजी वाहन और 18 हजार छोटे-बड़े कॉमर्शियल वाहन पंजीकृत हैं। नंबर प्लेट बदलवाने की तय मियाद खत्म हो जाने के बाद कुछ समय तक तो परिवहन विभाग की तरफ से बिना हाई सिक्योरिटी नंबर लगे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चला चालान काटने की कार्रवाई की गई। इसके बाद कार्रवाई को लेकर उदासीनता बरती जाने लगी। इससे बेखौफ वाहन चालक धड़ल्ले से पुरानी नंबर प्लेट लगा कर अपना वाहन दौड़ा रहे हैं। इसमें कई सरकारी वाहन भी शामिल हैं। जिनके वाहनों में अभी तक एचएसआरपी नहीं लगी है। एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि निजी व सरकारी सभी वाहनों के लिए एक समान नियम है। चेकिंग के दौरान जो भी वाहन बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट मिलेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
