उझानी बदांयू 18 मई।
नगर में हो रही बिजली की अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग की गंभीर समस्या को लेकर एक बुजुर्ग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना दर्द कुछ यूं उजागर किया –एक्सईएन साहब रहम करिए, गर्मी के चलते नींद नहीं आ रही,हार्ट का मरीज हूं, उझानी नगर अंधेरे में है। बिजली न होने से एसी, पंखा, कूलर नहीं चल पा रहे हैं। यह दर्द उझानी के रहने वाले एक बुजुर्ग अधिवक्ता का है। शनिवार की रात दस बजे तक जब बिजली नहीं आई तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली संकट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरे साल चले मेंटेनेंस कार्यों के बावजूद बिजली निगम गर्मी के दिनों में निर्बाध आपूर्ति देने में नाकाम साबित हो रहा है।
तापमान बढ़ने के साथ बिजली आपूर्ति पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। रातों की नींद खराब होने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात 8 बजे आंधी आने पर तार टूटकर गिरने से बिजली पूर्णतया गुल हो गई । रात 11 बजे सप्लाई सुचारू हो सकी। वहीं हाल कल हल्की सी हवा तेज चलने से ही बिजली चली गई जो रात 10 बजे आ पाई। अधिकारियों से पूछने पर रटा-रटाया जबाब कि ट्रांसफार्मर में कमी आ गई। अब बिजली बदस्तूर मिलेगी लेकिन समस्या जस-की-तस रहती है , पंखे हिलते नजर आते हैं वजह लो-वोल्टेज। इससे बिजली विभाग के अधिकारियों का शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति का दावा खोखला साबित हो रहा है।
इसकी जानकारी लेने के लिए जब लोग अधिकारियों के मोबाइल पर फोन किए तो फोन नहीं उठ रहा है। जिन कर्मचारियों की रात में फाल्ट दूर करने के लिए ड्यूटी लग रही है। वह ड्यूटी से नदारद रहते हैं। फोन तक स्विच ऑफ हो जा रहे हैं। टाउन क्षेत्र में 22 और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटा बिजली देने का आदेश है, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है। वहीं, लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों को और परेशान कर रखा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित है, क्योंकि मक्का की फ़सल में बिजली ना आने पर वह समय से सिंचाई नहीं कर पाते। इसीलिए आऐ दिन किसान बिजली घर पर प्रदर्शन करने को आ धमकते हैं। ——————*** राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
