6:40 am Tuesday , 18 August 2026
BREAKING NEWS

भारत-पाक तनाव के बीच लखनऊ में अलर्ट, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, सभी छुट्टियां रद्द

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए लखनऊ में पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था ने अवकाश निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं।

विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी पुलिसकर्मी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। जो कर्मी पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें तुरंत ड्यूटी जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं। केवल संबंधित पुलिस उप आयुक्त ही विशेष कारणों पर अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे।

पुलिस द्वारा संवेदनशील इलाकों, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर बेरिकेडिंग की जा रही है। हजरतगंज, चारबाग, डालीबाग, गोमतीनगर, पॉलीटेक्निक चौराहा जैसे क्षेत्रों में संदिग्धों की गहन जांच की गई। कुछ स्थानों पर चेकपोस्ट और बंकर भी बनाए जा रहे हैं ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता दी जा सके।

जुमे की नमाज के दौरान पुराने लखनऊ में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई, जिसमें पीएसी और पुलिस बल के जवान तैनात रहे। इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है। अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है और जनता से अपील की गई है कि वे भ्रामक सूचनाओं से बचें और केवल आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भरोसा करें।

विज्ञापन एक्सप्रेस