11:03 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

चैत्र नवरात्र पर मंहगाई का साया-चुनरी नारियल से लेकर फल तक महंगे

उझानी बदायूं 29 मार्च।
नवरात्र को लेकर बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। महंगी हुई पूजा सामग्रियों के कारण इस बार आस्था पर महंगाई भारी पड़ रही है। नवरात्र में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री चुनरी, नारियल, कलश, लोंग, इलायची , गूगल,धूप, फल,कलावा समेत अन्य सामग्री की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हुई है। बाजार में बिक रहे नारियल से लेकर फल तक पर महंगाई का असर दिखने लगा है।

हिंदुओं के नव संवत्सर पर्व के साथ ही चैत्र नवरात्र का शुभारंभ होगा। इस बार नवरात्र का शुभारंभ 30 मार्च को हो रहा है। इस दौरान छह अप्रैल तक भक्तगण शक्ति स्वरूपा मां के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा कर मनौती मांगेगें। किराना के थोक व्यापारी सुन्दर आहूजा ने बताया कि नवरात्र में पूजन सामग्री में चुनरी, नारियल, कलश, कलावा समेत अन्य सामान पिछले साल के मुकाबले पांच से 10 फीसदी महंगे हो गए हैं। महंगाई के लिहाज से फलाहार से संबंधित सामानों पर तेजी दिख रही है।

बाजार में मौजूद पूजा सामग्री
माता की बड़ी चुनरी- 20 से 150 रुपये

माता का श्रृंगार का सामान- 250 -400 रुपये
छोटी चुनरी- 5 – 80 रुपये
धूप, अगरबत्ती, हवन सामग्री- पांच से – 80 रुपये
नारियल- 25-50 रुपये पीस
मखाना-350 रुपये प्रति किग्रा. से 450 रुपये प्रति किलो
काजू- 700 रुपये प्रति किग्रा से 800 रुपये प्रति किलो
किशमिश, 280 रुपये प्रति किलो
सिंघाड़ा आटा- 120 रुपये प्रति किलो
मूंगफली- 100 से लेकर 140 रुपये प्रति किलो
साबूदाना- 120 रुपये प्रति किलो
सेब- 120 रुपये से 200 प्रति किलो
केला- 60 रुपये प्रति दर्जन
अंगूर- 90- 120 रुपये प्रति किलो

महंगाई ने बढ़ाई परेशानी

उझानी के नरऊ गांव निवासी राधिका ने बताया कि इस बार नवरात्र में महंगाई की वजह से घर का बजट बिगड़ेगा। माता के पूजन सामग्री में कटौती कर खरीदारी की है। पहले जो सामान कम पैसे में मिल जाता था, उसके लिए अब दोगुना कीमत चुकानी पड़ रही है। साहूकारा मोहल्ले की मीनाक्षी ने बताया कि वह नवरात्र में व्रत रखती हैं। फल, मेवा व पूजन सामग्री के दाम में वृद्धि से नौ दिन के व्रत में जेब पर अधिक भार पड़ेगा।——————————- राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस