गुधनी-खौंसारा के आठ सौ घरों में होगा एक साथ होली यज्ञ
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी में स्थित आर्य समाज के तत्वावधान में होली के अवसर पर इस बार गुधनी और खौंसारा गांव में आठ सौ घरों में एक साथ होली यज्ञ करेंगे। यह बड़ा कार्य आर्य समाज के अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्वान व समाज सुधारक आचार्य संजीव रूप प्रतिवर्ष होली के अवसर पर करते हैं। इसके लिए आचार्य संजीव रूप के कार्यकर्ता एक दिन पूर्व होली पर तैयार होने वाली विशेष सामग्री को सभी घरों में बांट देते हैं फिर लाउडस्पीकर पर मंत्र उच्चारित करके यज्ञ आरंभ किया जाता है। सभी माता-बहनें अपने घर पर आहुतियां समर्पित करती हैं। आचार्य ने बताया कि जिले के अलावा संभल और अमरोहा में भी कई घरों में सामग्री के पैकेट निःशुल्क बांटे गए हैं। उनका उद्देश्य पर्यावरण की शुद्धि करके सबको स्वस्थ बनाना है। इस कार्य में प्रश्रय आर्य, गोपाल आर्य, विशेष आर्य, मदन,पाल आर्य, आनंदपाल आर्य आदि ने युद्ध स्तर पर सामग्री के पैकेटों का वितरण कराया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
