राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में आज दिनांक 08/03/2025 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रसार व्याख्यान का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ संयोजिका डॉ सुशीला द्वारा की गई। डॉ सुशीला ने महिला दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाए जाने के कारण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक स्तर पर सशक्त करने के लिए समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाते हैं। जिनके माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं में जागरूकता उत्पन्न हो सके एवं समाज में आगे बढ़ने के लिए एक सकारात्मक सोच विकसित हो सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य डा राजधन ने छात्राओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी तथा अपने अंदर आत्मविश्वास उत्पन्न कर जीवन के हर कदम पर दृढ़ता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ भावना सिंह ने छात्राओं को प्रसिद्ध महिला हस्तीयों के व्यक्तित्व से सीख लेकर अपने अंदर उन गुणों को समाहित कर अपने व्यक्तित्व में निखार लाने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में अनमता इस्लाम, हिबा बी, सुमैरा रहमान, अरीबा सहित अन्य छात्राओं ने महिला दिवस पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम संयोजिका डॉ भावना सिंह द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक डॉ सतीश कुमार, श्री बृजेश कुमार, डॉ ऋषभ भारद्वाज, कु सरिता गौतम आदि उपस्थित रहे।







bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
