6:15 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

बाबा इंटरनेशनल स्कूल में गणेश चतुर्थी का धूमधाम से आयोजन

बिल्सी: बाबा इंटरनेशनल स्कूल बिल्सी में आज गणेश चतुर्थी का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक गतिविधियों में भाग लेकर गणपति बप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा और उत्साह व्यक्त किया। पूरे विद्यालय परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
विद्यालय की प्ले ग्रुप कक्षा के बच्चों ने पत्तियों और रंगों की सहायता से भगवान गणेश की सुंदर छवि बनाई और उसे सजाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने रंग-बिरंगे कागज़ों से पेपर पेस्टिंग के माध्यम से गणेश जी की मनमोहक आकृतियाँ तैयार कीं, जिन्हें सभी ने बेहद सराहा। वहीं केजी कक्षा के बच्चों ने भगवान गणेश के प्रिय व्यंजन ‘मोदक’ बनाकर उत्सव में विशेष आनंद और भक्ति का संचार किया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें आगे भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। तथा उन्होंने भगवान गणेश से विद्यालय, विद्यार्थियों और समस्त समाज की उन्नति व खुशहाली की मंगलकामनाएँ कीं।
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक पर्वों से जोड़ना है। इन गतिविधियों के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों ने न केवल अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का परिचय दिया बल्कि सहयोग, एकाग्रता और परंपराओं का महत्व भी सीखा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा |

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.