4:13 am Thursday , 5 November 2026
BREAKING NEWS

देर रात चलती कार बनी आग का गोला: पत्नी जिंदा जली, पति की हालत नाजुक

*बदायूं*

उसहैत थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव रौता के पास अचानक एक कार में भीषण आग लग गई, जिसमें सवार महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या छह निवासी अर्पित भारद्वाज (28) अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज (25) का शाहजहांपुर के एक अस्पताल में ऑपरेशन कराने के बाद देर रात घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रिया कार में लेटी हुई थीं। इसी दौरान रात करीब दो बजे गांव रौता के पास कार में अचानक आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि कार के दरवाजे तक नहीं खुल सके, जिससे दोनों अंदर ही फंस गए। आग की लपटों में घिरी प्रिया की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि अर्पित गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची उसहैत पुलिस ने घायल अर्पित को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।

*केशव गुप्ता*

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.