7:16 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

डीएम की अध्यक्षता में तहसील दातागंज में हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

शिकायतों का गंभीरतापूर्वक व समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी
बदायूँ: 20 जनवरी। जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने तहसील दातागंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरतापूर्वक व समयबद्ध निस्तारण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में है। इस अवसर पर 52 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने गत सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के सम्बंध में शिकायतकर्ता को फोन करवाकर उनकी संतुष्टि भी जानी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील दातागंज के ग्राम घिरोर की निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया कि लगभग 2 वर्ष पहले करंट लगने से उसके पति की मृत्यु हो गई थी। उसने किसान दुर्घटना क्लेम का फॉर्म भरा था, लेकिन उसको निरस्त कर दिया गया है। उसने निरस्त फार्म की जांच करवाने की अपील की। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम दातागंज को अग्रेत्तर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
तहसील दातागंज के मोहल्ला अरेला वार्ड नंबर 13 निवासी ओम प्रकाश गुप्ता ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया कि उसके विद्युत का बिल अत्यधिक आता है उसमें बिल में सुधार के लिए उसने प्रार्थना पत्र भी पर दिया था लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता पूर्वक लेते हुए संबंधित अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को प्राथमिकता पर कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।
तहसील दातागंज के ग्राम पंचायत कूठा कुथिया सुल्तानपुर निवासी विकास शर्मा ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया कि उसके ग्राम पंचायत में नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि नाला निर्माण में ग्राम प्रधान द्वारा घटिया सामग्री, पीले ईटों आदि का प्रयोग किया जा रहा है। उसने इसकी जांच कराने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी दातागंज को प्राथमिकता पर जांच कर आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर चकरोड पर से अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने सहित विभिन्न विभागों से सम्बंधित 52 शिकायती व प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया तथा शेष के गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
—-

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.