बदायूं : रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मेले में रौनक आ गई। श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त में हर-हर गंगे, निर्मल गंगे के जयघोष के साथ श्रद्धालु गंगा में स्नान कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा में जल की कमी के कारण सही से स्नान नहीं हो पा रहा है। उनका कहना था कि मेला प्रशासन को शीघ्र ही गंगा में जल बढ़ाने को लेकर सार्थक प्रयास करने चाहिए। जिससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान करने में कोई परेशानी न हो। फिलहाल गंगा में जल कम होने की वजह से श्रद्धालु सही से डुबकी भी नहीं लग पा रहे हैं। गंगा तट पर लड्डू, प्रसाद और इलायची दानें की दुकानें सजने लगी हैं। गंगा तट पर मेला प्रशासन की ओर से महिलाओं के चेंजिंग रूम बन चुके हैं। इसके साथ ही उठाईगीरों पर पहली नजर रखने के लिए बस टावर बना दिए गए हैं।
मेरे के पूर्वी और पश्चिमी ओर श्रद्धालु टेंट लगा चुके हैं। कुर्मियान मेले में अधिकांश श्रद्धालुओं अपने डेरा-तंबू लगा लिए हैं। रात और दिन श्रद्धालु अपने निजी वाहनों, ट्रैक्टर ट्राली, डनलप आदि से मेले में पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने अपने टेंटों में खिचड़ी भोज का आनंद लिया। उन्होंने बताया कि वर्षों से हम मेला ककोड़ा आते हैं। सबसे पहले खिचड़ी का ही भोग लगाते हैं। कई श्रद्धालुओं ने बाउंड्री बनाकर अपने टेंटों को सजा लिया है। साधु संतों और महात्माओं के दर तंबू भी लग चुके हैं। कई श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर कल्पवास कर पूजा अर्चना कर रहे हैं।
शासनिक प्रशासनिक अधिकारियों के टैंट तैयार हो चुके हैं। जन प्रतिनिधियों के टैंट लग चुके हैं तो कई जनप्रतिनिधियों के लगाया जा रहा है। परचूनी की दुकानें लग चुकी हैं।
मेले में मीना बाजार लगना शुरू हो गया है और कई जगह दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजा लिया है। लगातार दुकानदारों और श्रद्धालुओं को आना अभी जारी है।
मुख्य द्वार पर बांस बल्लियां लगाकर तैयार किया जा रहा है। 23 नवंबर को इस मेले का फीता काटकर मुख्य अतिथि द्वारा विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मिट्टी डालकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच तैयार किया जा रहा है। इस मंच पर भगवान श्री राम और श्री कृष्णा से संबंधित लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा जादूगर, कठपुतली के कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न कार्यक्रमों से दूर दराज से आए श्रद्धालुओं का मनोरंजन भी किया जाएगा।
मेले में जलेबी और खजले की दुकान लग चुकी है। लोग जमकर जलेबी का आनंद ले रहे हैं। अग्निशमन विभाग द्वारा मेले में गंगा तट पूर्वी और पश्चिमी साइड के अलावा मुख्य गेट के पास चौकियां बनाई गई है। जिससे किसी भी घटना होने पर काबू पाया जा सके।
श्रद्धालुओं के पहुंचते ही मेले में कंडे और मिट्टी के चूल्हों की खरीदारी बढ़ गई है। धान का पुआल भी खूब खरीदा जा रहा है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com