



उझानी पोस्ट ऑफिस में आधार के नाम पर हाहाकार, प्रशासन बेखबर।
उझानी- बदांयू 18 सितंबर।
स्टेशन रोड स्थित मुख्य डाकघर पर हफ्ते में एक बार आधार कार्ड संशोधन और नया आधार बनवाने के लिए मिलने वाली साप्ताहिक पर्चियों को लेकर हर बार सुबह 5 बजे से 10 बजे तक खूब दईया-दईया मचती है। आलम यह है कि प्रशासन को सुनाई तो छोड़िए, दिखाई भी नहीं देता।
एक लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर और सैकड़ों गांवों का बोझ अकेले पोस्ट ऑफिस की एक मशीन पर डाल दिया गया है। लोगों को सालों हो गए शहर में दूसरी मशीन की मांग करते-करते, मगर प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
ज्ञात रहे कि पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग काफी पुरानी और जर्जर हालत में है। वह इतनी भीड़ का वजन सहने की स्थिति में नहीं है। लोगों का कहना है कि फर्क तब पड़ेगा जब किसी दिन यह जर्जर इमारत आधार की भीड़ का बोझ सहने में असमर्थ हो जाएगी और भरभरा कर गिरेगी। तब जांच होगी, तब अफसरों में दईया-दईया मचेगी।
आधार बनवाने और संशोधन कराने वालों की भीड़ का आलम यह है कि डाकघर फुल होने के बाद भीड़ की लाइन घंटाघर चौराहे तक लगती है। उसमें भी किसी-किसी का सुबह पांच बजे से बैठने के बाद 10 बजे तक पर्ची का नंबर नहीं आ पाता है। ऐसे लोगों को मायूस होकर अगली बार आने को कहा जाता है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शहर में कम से कम दो और आधार मशीनें लगवाई जाएं, ताकि आम जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


