80s के रेट्रो लुक के दीवाने हो रहे हैं? एक फोटो अपलोड करने से पहले इन 5 खतरों को तो समझिए ?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे AI Retro Trend के पीछे साइबर ठगी का बड़ा जाल, एक्सपर्ट्स ने जारी की चेतावनी।
उझानी-बदांयू 15 सितंबर।
इंस्टाग्राम और फेसबुक खोलते ही इन दिनों हर दूसरी फोटो 80s के रेट्रो लुक में नजर आ रही है। बेल-बॉटम पैंट, बड़े चश्मे और पुराने फिल्मी स्टाइल में लोग अपनी फोटो बदल रहे हैं। ये कमाल AI टूल्स का है, जो एक क्लिक में आपकी साधारण सेल्फी को विंटेज हीरो-हीरोइन बना देता है। देखने में ये मनोरंजक लगता है, लेकिन इसी मनोरंजन के पीछे साइबर सुरक्षा का एक बड़ा खतरा छिपा है, जिसे ज्यादातर लोग नजरअंदाज कर रहे हैं।
आखिर क्या है ये 80s Retro ट्रेंड?
ये एक AI फोटो एडिटिंग ट्रेंड है। यूजर को सिर्फ अपनी एक साफ फोटो किसी वेबसाइट या ऐप पर अपलोड करनी होती है। AI आपके चेहरे को पहचान कर उसे 80 के दशक के हेयरस्टाइल, कपड़ों और बैकग्राउंड में फिट कर देता है। इस ट्रेंड के लिए लोग Remini, AI Retro, 80s Filter जैसे कई फ्री ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मजे-मजे में आप दे रहे हैं अपना सबसे कीमती डेटा
साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जब आप अपनी फोटो ऐसे किसी भी अनजान AI टूल पर डालते हैं, तो आप सिर्फ फोटो नहीं, बल्कि अपना बायोमेट्रिक डेटा दे रहे होते हैं।
इससे जुड़े 5 बड़े खतरे-
1-आपका चेहरा हमेशा के लिए कंपनी के पास चला जाता है कई फ्री ऐप्स की Terms & Conditions में लिखा होता है कि अपलोड की गई फोटो का इस्तेमाल वो AI को ट्रेन करने के लिए कर सकते हैं। मतलब आपका चेहरा उनकी प्रॉपर्टी बन सकता है।
2-डीपफेक से ठगी का डर, आपकी एक फोटो से आपकी नकली वीडियो और आवाज बनाई जा सकती है। हाल में कई मामलों में ऐसी ही नकली वीडियो से लोगों के रिश्तेदारों से पैसे की ठगी की गई है।
3- डेटा बेचा भी जा सकता है, कई कंपनियां यूजर्स का डेटा विज्ञापन कंपनियों को बेच देती हैं। इसके बाद आपके पास फर्जी कॉल और लोन के मैसेज आने लगते हैं।
4-बच्चों की फोटो सबसे ज्यादा रिस्क में, लोग अपने छोटे बच्चों की फोटो भी इस ट्रेंड में डाल रहे हैं, जो सबसे खतरनाक है। डार्क वेब पर बच्चों की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल होने के मामले बढ़े हैं।
5-फोन की पूरी जानकारी लीक, फोटो अपलोड करते ही ऐप आपके फोन का लोकेशन, गैलरी और डिवाइस ID तक का एक्सेस कई बार ले लेता है।
तो क्या करें? कैसे बचें?
> साइबर क्राइम पुलिस का कहना है कि ट्रेंड के चक्कर में अपनी प्राइवेट फोटो किसी भी अनजान लिंक पर अपलोड ना करें।
बचाव के 3 सरल उपाय-
किसी भी ऐप को फोटो देने से पहले उसकी Privacy Policy जरूर पढ़ें। सिर्फ गूगल प्ले स्टोर के भरोसेमंद और ज्यादा डाउनलोड वाले ऐप्स का ही इस्तेमाल करें।
हो सके तो फोटो अपलोड करने से पहले फेस पर हल्का ब्लर या साइड फेस वाली फोटो का इस्तेमाल करें और अपनी ओरिजनल HD फोटो कभी न डालें।
याद रखिए, सोशल मीडिया पर एक लाइक के लिए अपनी पहचान को खतरे में डालना समझदारी नहीं है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


