बिल्सी। नगर के बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में आज दिनांक- 14-09-2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, प्रेम एवं गौरव की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी प्रार्थना के साथ हुआ। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, उसकी समृद्ध विरासत तथा भारतीय संस्कृति में उसके महत्वपूर्ण योगदान को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने वाली समृद्ध भाषा है। हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का सम्मान करने तथा अपने दैनिक जीवन में शुद्ध एवं प्रभावशाली हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा हिंदी भाषा के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी के प्रति बढ़ते आकर्षण, अपनी मातृभाषा के सम्मान तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संदेश दिया। विद्यार्थियों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने सभी का मन मोह लिया तथा उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, देशप्रेम, संस्कार, प्रकृति एवं राष्ट्र की विविधता जैसे विषयों पर स्वरचित नव रसों से युक्त एवं प्रसिद्ध कविताओं की सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। काव्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में साहित्यिक एवं भावनात्मक रंग भर दिया।
हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं लेखन-कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए हिंदी सुलेख (Calligraphy) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुंदर, स्पष्ट एवं आकर्षक हिंदी लेखन का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी लेखन-कला एवं सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से अरनिवा यादव, कक्षा 2 से आदर्श, कक्षा 3 से कृतिका यादव, कक्षा 4 से वेद यादव, कक्षा 5 से नन्दनी, कक्षा 6 से लक्ष्मी, कक्षा 7 से उन्नति शंखधार, कक्षा 8 से नित्या शर्मा तथा कक्षा 10 से भक्ति वार्ष्णेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया |
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें यह समझाना था कि किसी भी भाषा का सम्मान करना अपनी संस्कृति और विरासत का सम्मान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग, शुद्ध उच्चारण एवं सुंदर लेखन के लिए प्रेरित किया |
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने हिंदी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चो में हिंदी भाषा के प्रति रुचि उत्पन्न करना है। हिंदी हमारी भावों की वाहिका है, संस्कृति है, जीवन शैली है। हमें सदैव इसका प्रचार प्रसार करते रहना चाहिए। केवल हिंदी दिवस मानने के लिए ही हिंदी का प्रयोग न करके पूरा वर्ष ही हिंदी भाषा का प्रयोग बोलचाल, लिखने व अन्य सभी कार्यो में करें।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा |





bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


