बदायूं
2027 में बदायूं की सभी छह सीटों पर कमल खिलाने की तैयारी तेज, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
केशव गुप्ता
बदायूं। भाजपा कार्यालय पर रविवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरन लाल लोधी की अध्यक्षता में जिला कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान बदायूं जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरन लाल लोधी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बदायूं की सभी छह विधानसभाओं में कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से जुटे। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक बूथ पर प्रभावी जनसंपर्क और संवाद को मजबूत किया जाए।
प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की सक्रियता के दम पर 2027 में जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की विजय सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि जनपद में भाजपा संगठन को मजबूत करने का अभियान लगातार जारी है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखे। उन्होंने कहा कि छह विधानसभाओं में कमल खिलाना केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता का संकल्प है।
बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्षा वर्षा यादव, निवर्तमान सांसद धर्मेंद्र कश्यप, क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, निवर्तमान विधायक धर्मेंद्र शाक्य व कुशाग्र सागर, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज और एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


