बदायूं
दास कॉलेज के पास कार का शीशा तोड़कर 1 करोड़ रुपये का माल उड़ाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दास कॉलेज के पास कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 79 लाख रुपये की नकदी, करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई वर्ना कार बरामद की है। इतनी बड़ी बरामदगी से पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी पुत्र असगर अंसारी निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ और वसीम अंसारी पुत्र निजामुद्दीन निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली, मेरठ के रूप में हुई है।
ड्राइवर ने ही रची थी चोरी की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आरिफ अंसारी सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहां चालक के रूप में काम करता था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर कर्ज था, जिसके चलते आरिफ ने अपने रिश्तेदार वसीम के साथ मिलकर मालिक का माल और नकदी हड़पने की योजना बनाई।
10 सितंबर 2026 को आरिफ मालिक की गाड़ी लेकर अपने साथी सरफराज के साथ बदायूं माल देने और लेने आया था। वापस मेरठ जाते समय दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने का बहाना बनाकर गाड़ी खड़ी की गई। आरोप है कि इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से वसीम अपनी हुंडई वर्ना कार से वहां पहुंचा और गाड़ी में रखी नकदी व सोने के आभूषण निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार, चोरी को सामान्य घटना दिखाने के लिए आरोपियों ने कार का पीछे वाला शीशा भी तोड़ दिया, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
मेरठ जाते समय पुलिस ने दबोचा
पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद वसीम नकदी और जेवरात लेकर बदायूं में छिप गया था। शनिवार को दोनों आरोपी चोरी के माल को वर्ना कार में लेकर मेरठ जा रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइंस पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और सोने के आभूषण बरामद हुए।
आरिफ के पास से कंगन, कंठी माला और सोने के छोटे-बड़े टुकड़ों समेत कुल 101.68 ग्राम पीली धातु बरामद हुई। वहीं वसीम के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद तथा वर्ना कार से 29 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा मोबाइल फोन और एक प्लास भी बरामद हुआ है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के सफल अनावरण और बड़ी बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, निरीक्षक अपराध सुपेन्द्र मलिक, उपनिरीक्षक अनन्त आमौरिया, कांस्टेबल दीपक कुमार, अविनाश कुमार, देवेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल रूचि शामिल रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


