मदर एथीना स्कूल में ‘हिंदी सप्ताह’ का भव्य आगाज़: काव्य की सुरमई सरिता के साथ प्रथम दिन का सफल आयोजन
‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल’ – भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की इन पंक्तियों को चरितार्थ करते हुए मदर एथीना स्कूल में ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में ‘हिंदी सप्ताह’ का अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। उत्सव के प्रथम दिन विद्यालय परिसर में विविध कक्षाओं हेतु ‘काव्य-पाठ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत कक्षा प्लेग्रुप से कक्षा-6 तक के विद्यार्थियों हेतु हिंदी साहित्य के महान कवियों सूरदास, कबीर, रहीम, मीरा, रैदास, रसखान आदि के वेशभूषा में उनकी रचनाओं का काव्य पाठ तथा कक्षा-7 एवं 8 के विद्यार्थियों को बदायूँ के प्रसिद्ध राष्ट्रीय गीतकार उर्मिलेश शंखधार की रचनाओं का पाठ करना था स जिसमें प्रतिभाग कर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जिसने पूरे वातावरण को साहित्यिक चेतना और देशप्रेम के रंगों से सराबोर कर दिया।
विद्यालय की निदेशिका महोदया चयनिका सारस्वत ने इस अवसर पर बताया कि हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, संवेदना और राष्ट्रीय स्वाभिमान की आत्मा है। काव्य अभिव्यक्ति का वह सशक्त माध्यम है जो हृदय के भावों को सीधे दूसरों के दिलों तक पहुँचाता है। आज के तकनीकी युग में हमारी नई पीढ़ी का हिंदी साहित्य के प्रति यह जुड़ाव और समर्पण देखकर मन अत्यंत प्रसन्न है। ‘हिंदी सप्ताह’ का यह आयोजन हमारे विद्यार्थियों में अपनी भाषा के प्रति सम्मान, गर्व और मौलिक सोच को नया आयाम देगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


