4:00 pm Tuesday , 8 September 2026
BREAKING NEWS

महिला पत्रकारों से कथित मारपीट के विरोध में पत्रकारों में आक्रोश, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

महिला पत्रकारों से कथित मारपीट के विरोध में पत्रकारों में आक्रोश, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
विजयनगला। दिल्ली में महिला पत्रकारों के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता की घटना के विरोध में मंगलवार को पत्रकारों में आक्रोश दिखाई दिया। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए विरोध दर्ज कराया। जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में पत्रकारों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ हिंसा, मारपीट, अभद्रता अथवा उत्पीड़न की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। महिला पत्रकारों के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
जिला अध्यक्ष सुमित मल्होत्रा ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे तो निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
संगठन ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में मांग की कि घटना में शामिल आरोपितों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किए जाने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान जिला संरक्षक प्रवेश राठौर, जिला प्रभारी दिनेश कुमार, जिला अध्यक्ष सुमित मल्होत्रा, जिला उपाध्यक्ष संजीव पटेल, मुकेश कुमार, संदीप तोमर, शयद तौफिल, अतुल पटेल सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे। सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला पत्रकारों के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन एक्सप्रेस