3:33 pm Tuesday , 8 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी-नरऊ मार्ग पर सैलाब, संपर्क टूटा,किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन जलमग्न, ग्रामीणों ने महिलाओं संग किया हंगामा

उझानी-नरऊ मार्ग पर सैलाब, संपर्क टूटा,किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन जलमग्न, ग्रामीणों ने महिलाओं संग किया हंगामा।

उझानी (बदायूं) 8 सितंबर ।

नगर पालिका के गंदे नाले ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। नाले के पानी से नरऊ मार्ग पर दो फुट तक गंदा पानी बह रहा है, जिससे नरऊ व मलिकपुर गांव वालों का संपर्क टूट गया है। वहीं, सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन जलमग्न होने से धान की फसल बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि नाले के काले और बदबूदार पानी ने सड़क को अपनी आगोश में ले लिया है। हालत यह है कि सड़क पर वाहन तो दूर पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। मजबूरी में लोगों को नवनिर्मित हाईवे के किनारे कच्चे रास्ते से घूमकर आना-जाना पड़ रहा है।

सड़क किनारे स्कूल के सामने खेत का मंजर और भी भयावह है। जहां तक नजर जा रही है, वहां तक सिर्फ नाले का काला पानी ही दिखाई दे रहा है। उझानी निवासी किसान महेन्द्र ने बताया कि उनके 10 बीघा खेत में धान में बालियां आ चुकी हैं। फसल पक भी गई तो इतने पानी में कटाई कैसे होगी। बचाव के लिए खेत के चारों ओर मिट्टी का डोरा लगाया है, लेकिन तेज बहाव में वह भी टूटने वाला है।

किसानों ने बताया कि पहले नरऊ रोड के एक तरफ की सैकड़ों बीघा जमीन डूबी थी, अब पानी ने कादर चौक साइड और हाईवे के दूसरी तरफ के खेतों के साथ मुख्य सड़क को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

बसपा नेता हेम सिंह ने कहा कि मुख्य मार्ग पर दो फुट पानी बह रहा है और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। अगर जल्द निकासी नहीं हुई तो परिवारों का भरण-पोषण मुश्किल हो जाएगा।

प्रदर्शन में हेम सिंह, हरीबाबू, रामपाल, देव कुमार, ओमपाल, महेन्द्र, सुरेश, भगवान सिंह, जगपाल, सोनू, राजेन्द्री देवी, किशोरी देवी, शीला देवी, दुलारी, नरवीर, कृपाल, प्यारे, यादराम, रिंकू, आकाश समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस