5:36 pm Friday , 4 September 2026
BREAKING NEWS

भक्ति, संस्कृति और आस्था से सजा जन्माष्टमी मेला

भक्ति, संस्कृति और आस्था से सजा जन्माष्टमी मेला

विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर किया मेले का शुभारंभ, रासलीला में जीवंत हुईं श्रीकृष्ण की लीलाएं

वजीरगंज, बदायूं। क्षेत्र के ग्राम लहरा लाडपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर लगने वाले वार्षिक मेले का क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले में बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजाईं। वहीं मथुरा से आए श्रीकृष्ण रासलीला के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मनमोहक मंचन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रासलीला देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने गोलगप्पे, टिक्की, पाव-भाजी, चाट-पकौड़ी, कुल्फी एवं अन्य खान-पान की दुकानों पर जमकर स्वाद लिया। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद उठाया। मेले में सजी दुकानों पर लोगों ने खरीदारी भी की, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।

इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति, भक्ति, आस्था और भाईचारे को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। मेले में लोग आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ एक-दूसरे से मिलते हैं, जिससे सामाजिक भाईचारा भी मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि सभी लोगों को प्रेम और सौहार्द के साथ मेले का आनंद लेना चाहिए। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने भी पहुंचकर खरीदारी की और रासलीला का आनंद लिया। जन्माष्टमी मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वजीरगंज थाना पुलिस भी मेले में मुस्तैद दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने मेले में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में मेले का आनंद लिया

विज्ञापन एक्सप्रेस