बदायूं में दारोगा, सिपाही निलंबित: मृत भैंस को दफनाकर ड्राइवर को भगा दिया था, SSP ने लिया एक्शन।
बदायूं 4 सितंबर।
भैंसों से लदे ट्रक को छोड़ने के मामले में गुरुवार को एसएसपी अंकिता शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने दारोगा बलवीर सिंह और कांस्टेबल गौरव पवार को निलंबित कर दिया। दोनों पर आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद ट्रक पर कार्रवाई करने के बजाय उसे जाने दिया गया। ट्रक में मृत मिली भैंस को भी दफना दिया गया।
मामला सहसवान के तकिया मोहल्ले में लगने वाली साप्ताहिक पेठ का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में कई भैंसों को भरकर लाया गया है। आरोप था कि भैंसों को ट्रक में क्रूरता से भरा गया था। यह भी बताया गया कि ट्रक में एक भैंस की मौत हो चुकी है।
सूचना मिलने पर दारोगा बलवीर सिंह और कांस्टेबल गौरव पवार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई करने के बजाय मृत भैंस को उतरवाकर दफना दिया। इसके बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर वहां से चला गया।
मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने पर एसएसपी ने जांच के निर्देश दिए। सीओ सहसवान अशोक कुमार ने मामले की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। रिपोर्ट में दोनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने दोनों को निलंबित कर दिया।
ट्रक छोड़ने के पीछे पुलिसकर्मियों पर लेनदेन का आरोप भी लगाया जा रहा है। हालांकि, लेनदेन हुआ था या नहीं और अगर हुआ तो कितनी रकम थी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
निलंबन के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


