बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 12 यात्री घायल, बड़ा हादसा टला।
बदायूं 4 सितंबर।
हजरतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब पौने 10 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 100 यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बस का अगला टायर अचानक फटने के बाद हुआ।
तेज रफ्तार में टायर फटने से चालक बस को संभाल नहीं पाया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस हरदोई के डहेलिया से दिल्ली के सलेमपुर जा रही थी। गंगा एक्सप्रेसवे पर बस सामान्य गति से चल रही थी, इसी दौरान अचानक अगला टायर फट गया। इससे चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस पलट गई।
हादसे में फूल सिंह (40), रमेश (22), अमित (18), गंगाराम (50), अनुज कुमार (37), रेशमा (55), नवनीत सक्सेना (8), उपासना सक्सेना (25), माया देवी (45), अजीरा (16), रोहित (19), सर्वेश (30) और सुमन (35) के घायल होने की जानकारी दी गई है। ये यात्री हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली और सीतापुर समेत अन्य जिलों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी तरह की गंभीर जनहानि नहीं हुई है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ ही बस को एक्सप्रेसवे से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


