बदायूं: शासन के आदेश के बाद भी बमनौसी के ग्रामीणों को नहीं मिली घरौनी, DM से लगाई गुहार।
बदांयू 1 सितंबर।
तहसील सदर बदायूं क्षेत्र के राजस्व गांव बमनौसी के ग्रामीण आज तक घरौनी से वंचित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन के आदेश और प्रशासनिक अधिकारियों को घरौनी उपलब्ध कराए जाने के कई माह बीत जाने के बाद भी राजस्व विभाग की लापरवाही के चलते उन्हें घरौनी नहीं दी गई है।
इस संबंध में कांग्रेस पार्टी के कादर चौक ब्लॉक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी बदायूं को प्रार्थना पत्र भेजा है। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि बमनौसी गांव के सभी पात्र ग्रामीण घरौनी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते उन्हें अब तक यह सुविधा नहीं मिल सकी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द कैंप लगवाकर सभी ग्रामीणों को अति शीघ्र घरौनी उपलब्ध कराई जाए। प्रार्थना पत्र पर नरेन्द्र, पन्नालाल, रामवीर सिंह, सूरज, सुखवीर, अजीत, सोहनपाल समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


