बदायूं में स्वाइन फ्लू का कहर, 72 वर्षीय बुजुर्ग की बरेली में मौत, आठ लोग संक्रमित।
बदांयू 1 सितंबर।
जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रकोप ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित बदायूं के एक मरीज की मौत हो गई है। मृतक बिल्सी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 72 साल के बुजुर्ग का उपचार बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। वह पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। मेडिकल कॉलेज में हुई जांच रिपोर्ट में उनमें स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी इसे स्वाइन फ्लू से मौत मानने से इनकार किया है। विभागीय अफसरों का कहना है कि मरीज को अन्य बीमारी भी थी, जिसका वह लंबे समय से उपचार करा रहे थे।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि जिले के 8 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। ये सभी लोग जिले से बाहर बड़े शहरों में रह रहे हैं। इनमें से दो मरीज दिल्ली, दो अलीगढ़ और एक व्यक्ति ग्रेटर नोएडा में जांच के दौरान संक्रमित मिला है। सभी का इलाज संबंधित शहरों में ही कराया जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित मरीजों द्वारा बताए गए पते पर जाकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन जांच में जिले के भीतर कोई भी संक्रमित मरीज रहता हुआ नहीं मिला है। विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और सर्दी-जुकाम, बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


