7:20 pm Sunday , 30 August 2026
BREAKING NEWS

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे अतेंद्र विक्रम सिंह, 356 से अधिक परिवारों को बांटी राहत सामग्री

बदायूं

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे अतेंद्र विक्रम सिंह, 356 से अधिक परिवारों को बांटी राहत सामग्री

केशव गुप्ता

उसावां। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के उसावां विकासखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों जसमंत नगला, प्रेमी नगला, जटा एवं ठकुरी नगला में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया के पुत्र एवं ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ने स्थलीय दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बाढ़ से प्रभावित 356 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राहत किट वितरित की गई। राहत किट में आटा, चावल, दाल, तेल, मसाले, तिरपाल समेत 26 प्रकार की आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल रही। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ प्रभावित परिवारों के चेहरों पर राहत और संतोष नजर आया।
अतेंद्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शासन-प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप राहत कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल, कटरा शहादतगंज प्रधान सतीश यादव, कजुरा पुख्ता प्रधान जबर सिंह, कटरा शहादतगंज कोटेदार मनोज सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राहत सामग्री वितरण से बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक वस्तुओं की मदद मिली, वहीं जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से ग्रामीणों में भी भरोसा कायम हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस