बदायूँ: 24 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ सोमवार को बहेड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया को खिलाड़ियों की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने क्रिकेट अभ्यास पिच का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए पिच के आसपास आवश्यक प्रकाश व्यवस्था कराई जाए व घास की कटाई कराई जाए। उन्होंने स्टेडियम परिसर एवं खेल मैदान की नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के भी निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने 100 मीटर दौड़ के लिए निर्धारित मैदान का भी निरीक्षण किया तथा दौड़ के लिए मैदान का समुचित समतलीकरण कराने के निर्देश दिए, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और खेल गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने नए निर्माण के अंतर्गत तैयार किए जा रहे जी प्लस थ्री भवन का भी निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ाधिकारी को निर्देशित किया कि स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध खेल सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए तथा आवश्यक कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराते हुए खेल गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



