8:39 pm Sunday , 23 August 2026
BREAKING NEWS

श्रद्धा और सेवा से कांवड़ यात्रियों का स्वागत, बदायूं पुलिस ने पेश की मिसाल

बदायूं

श्रद्धा और सेवा से कांवड़ यात्रियों का स्वागत, बदायूं पुलिस ने पेश की मिसाल

केशव गुप्ता

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए बदायूं पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आयोजित भंडारे में शिवभक्तों, कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत कर सेवा की।
इस दौरान कांवड़ लेकर गुजर रहे श्रद्धालुओं से पुलिस अधिकारियों ने संवाद किया और उनका हालचाल जाना। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की यात्रा से संबंधित जानकारी लेते हुए उन्हें मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
भंडारे में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धाभाव से कांवड़ यात्रियों को प्रसाद परोसा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, भोजन, प्रसाद सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता और सेवाभाव का परिचय देते हुए उनकी हरसंभव मदद की। बदायूं पुलिस का यह प्रयास सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और अपनत्व का संदेश देता नजर आया।
बदायूं पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस