डीएम ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए शत-प्रतिशत प्रगति के निर्देश
बदायूँ: 20 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त संबंधित अधिकारियों के साथ सी0एम0 डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सी0एम0 डैशबोर्ड पर प्रदर्शित अपने-अपने विभाग से संबंधित बिंदुओं एवं प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने वादों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और लंबित प्रकरणों की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए।
जिलाधिकारी ने पेंशन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरणों का शीघ्रता से निस्तारण कराया जाए, ताकि संबंधित पात्र व्यक्तियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य से संबंधित शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें तथा विभागीय स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं।
उन्होंने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन विभागों में प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, वहां विशेष प्रयास कर लक्ष्य को समय से पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की समीक्षा कर भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और किसानों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सी0एम0 डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से समीक्षा करें, लंबित कार्यों को चिन्हित कर उनका तत्काल निस्तारण कराएं तथा शासन की योजनाओं एवं प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही अथवा शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
—-
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



