वनकोटा में ‘अपना घर’ की नींव, बेसहारा बुजुर्गों को मिलेगा सहारा
ओम मंगलामुखी सेवा ट्रस्ट की पहल, विधि-विधान से हुआ वृद्ध आश्रम का भूमि पूजन
वजीरगंज, बदायूं। जिन बुजुर्गों ने अपनी जिंदगी परिवार और समाज को संवारने में लगा दी, जीवन के अंतिम पड़ाव पर यदि उन्हें अपनों का सहारा न मिले तो इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है। ऐसे ही बुजुर्गों को सम्मान, अपनापन और सहारा देने की दिशा में ओम मंगलामुखी सेवा ट्रस्ट ने एक सराहनीय पहल की है। क्षेत्र के ग्राम वनकोटा में ‘अपना घर वृद्ध आश्रम’ की स्थापना के लिए रविवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी जितेंद्र कुमार सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, शहीद-ए-आजम भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया, जिसके बाद अतिथियों ने आश्रम की नींव रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
यह वृद्ध आश्रम ओम मंगलामुखी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं विकलांग आश्रम के संचालक उन्नीस कुमार सिंह यादव तथा जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह के प्रयासों से स्थापित किया जा रहा है। इसके निर्माण में पूर्व एमएलसी जितेंद्र कुमार सिंह यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव का भी सहयोग है।
माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं
भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी जितेंद्र कुमार सिंह यादव ने कहा कि भले ही वर्तमान में उनके पास कोई बड़ा राजनीतिक दायित्व नहीं है, लेकिन समाज और क्षेत्र के लोगों से उनका रिश्ता हमेशा कायम रहा है। उन्होंने कहा कि वह वजीरगंज ही नहीं बल्कि पूरे जिले और जिले के बाहर होने वाले सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता निभाते हैं तथा लोगों के सुख-दुख में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ऊर्जा है। यही कारण है कि वह लगातार समाज के छोटे-बड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाने का प्रयास करते हैं।
पूर्व एमएलसी ने कहा कि माता-पिता हमारे प्रथम गुरु हैं और भगवान के समान उनका दर्जा है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपने माता-पिता की सेवा और सम्मान करे। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां किसी व्यक्ति को अपने माता-पिता की सेवा करने से रोकती हैं तो ‘अपना घर वृद्ध आश्रम’ ऐसे बुजुर्गों के लिए परिवार जैसा सहारा बनने का प्रयास करेगा।
उन्होंने वृद्ध आश्रम के भूमि पूजन को अपने लिए सौभाग्य का अवसर बताते हुए कहा कि यह केवल भवन निर्माण नहीं बल्कि बुजुर्गों की सेवा, सम्मान और मानवता को समर्पित एक पुनीत कार्य है।



सेवा और सम्मान का बनेगा केंद्र
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने भी ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘अपना घर’ के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को बेहतर वातावरण और सम्मान के साथ जीवन बिताने का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजकों ने जिलेभर से पहुंचे सभी सम्मानित नागरिकों, समाजसेवियों एवं अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर पूर्व एमएलसी जितेंद्र कुमार सिंह यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे पत्रकार बंधुओं का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।
वजीरगंज से अनुराग मिश्रा की रिपोर्ट
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







