सत्ता के साये में पल रहा उझानी का सट्टा कारोबार ?
पार्टी कार्यक्रमों में फूल-माला से बनाते हैं “सुरक्षा कवच” पुलिस भी बेबस।
उझानी (बदायूं) 13 अगस्त।
नगर में सट्टे का अवैध कारोबार सत्ता के साये में फल-फूल रहा है। लोगों के आरोप है कि इस धंधे से जुड़े कथित कारोबारी सत्ताधारी पार्टी के कुछ पूर्व और वर्तमान नेताओं के बेहद करीबी हैं। इसी नजदीकी की आड़ में ये लोग बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के हर कार्यक्रम में ये कथित कारोबारी सबसे पहले पहुंचते हैं। हाथों में फूल-मालाएं, मुंह पर जिंदाबाद के नारे। मकसद साफ है – आम जनता और पुलिस को यह संदेश देना कि इनकी पहुंच ऊपर तक है।
यही लोग फोटो खिंचवाकर इलाके में रौब दिखाते हैं। इसी वजह से कोई इनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता, एक स्थानीय व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा।
नगरवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होती। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला जब सफेदपोशों से जुड़ जाता है तो ऊपर से दबाव आ जाता है। एक कर्मी ने कहा, नौकरी भी करनी है। इसलिए हाथ डालने से पहले सौ बार सोचना पड़ता है।
इस बीच सट्टे की लत के कारण कई परिवार कर्ज में डूब चुके हैं। युवा भी इस दलदल में फंस रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि किसी भी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है, पिछले दिनों कई सटोरियों को पकड़ा भी गया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि पार्टी अवैध कारोबार का समर्थन नहीं करती। अगर कोई पार्टी का नाम लेकर ऐसा कर रहा है तो वह व्यक्तिगत मामला है।
नगर के जागरूक लोगों ने एसपी और जिलाधिकारी से मांग की है कि सत्ता के साये से बाहर निकलकर निष्पक्ष जांच कराई जाए और सट्टे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

