4:51 pm Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

एच.पी.इंटरनेशनल स्कूल में वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन

विद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन
एच.पी.इंटरनेशनल स्कूल बदायूँ के ऑडिटोरियम में हाल ही में एक भव्य वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने तार्किक विचारों, आत्मविश्वास और वाक्पटुता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई। प्रथम चरण का विषय “क्या अच्छे संस्कार सफलता से अधिक महत्वपूर्ण हैं?” था। इस विषय पर विद्यार्थियों ने मानवीय मूल्यों, संस्कारों और जीवन में सफलता के बीच संतुलन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, दूसरे चरण में “क्या योग्यता का आधार केवल अंक होने चाहिए?” जैसे गंभीर और समसामयिक विषय पर प्रतिभागियों के बीच जोरदार बहस देखने को मिली।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत करते हुए अपनी तार्किक क्षमता और विचारों की स्पष्टता का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले के बाद आर्यभट्ट हाउस की छात्राओं अर्शी पचौरी व प्रियांशी यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती हाउस रनर-अप रहा। रनर अप टीम में छात्र ऐश्वर्य कुमार व छात्रा आरना साहू रहे l
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री शिवम पटेल जी ने कहा, “वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।”
डायरेक्टर श्रीमती सेजल पटेल जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “आज के युवाओं का विभिन्न विषयों पर इतनी गहराई से विचार करना और अपनी बात को गरिमा एवं आत्मविश्वास के साथ रखना यह दर्शाता है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री सुनील साहनी जी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “सच्ची जीत केवल मंच पर मिलने वाले पुरस्कार में नहीं, बल्कि अपने विचारों को निडरता और आत्मविश्वास के साथ व्यक्त करने में है।” उप प्रधानाचार्य श्री पंकज गुप्ता जी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वाद-विवाद केवल बोलना नहीं, बल्कि सुनने और दूसरे के दृष्टिकोण को समझने की कला है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन और प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को न केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच प्रदान किया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस