।
उझानी बदांयू 29 अगस्त।
सोना-चांदी पर महंगाई की मार ने कारोबार बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार बढ़ रहे भाव से ग्राहक बाजार से ओझल से हो गए हैं। इससे सर्राफा बाजार में सन्नाटा पसरा है। बिहार,पश्चिम बंगाल से आए आभूषण गलाने के कारीगर भी काम न मिलने से घर वापसी की तैयारी में हैं। ऐसे में सर्राफा कारोबार करने वालों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
कारोबारियों की मानें तो सोना चांदी के भाव ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एक साल के अंतराल में चांदी 25 फीसद तो सोना के भाव 20 फीसदी तक बढ़ गए हैं। नवंबर 2024 में सोना प्रति 10 ग्राम 85 हजार और चांदी प्रति किलो 89 हजार रुपये थी लेकिन इन दिनों इनके भाव में भारी उछाल आया है। 26 अगस्त के बाजार पर गौर करें तो चांदी 1 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो और सोने का भाव एक लाख 3 हजार प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गए हैं।
कारोबारी इसके पीछे टैरिफ वॉर और शेयर बाजार में आ रही गिरावट को कारण बता रहे हैं। इससे बाजार में ग्राहकों का टोंटा हो गया है। इक्का-दुक्का दुकान पर ही लोग आभूषण खरीदने आ रहे हैं। शहर में 50 से अधिक सर्राफा कारोबारी हैं। सोना-चांदी गलाने,व बनाने वाले कारीगर पिछले 15 साल से शहर में निवास कर रहे हैं लेकिन अब यह कारीगर भी पिछले एक माह से छाई मंदी के कारण खाली हाथ बैठे हुए हैं। इससे इनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
————
चांदी के जेवर की भी नहीं हो रही खरीद
एक माह से सर्राफा कारोबार पूरी तरह पटरी से उतर गया है। अब 10 ग्राम चांदी की तोड़ियां भी खरीदने की आम आदमी की हिम्मत नहीं पड़ रही है। लगातार सोना चांदी के भाव चढ़ने से रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सरकार महंगाई पर ध्यान दें, अन्यथा यह कारोबार धीरे-धीरे चौपट हो जाएगा।
मनीष गोयल, फर्म रामप्रसाद सुरेश चंद्र गोयल सर्राफ।
———————–
बोहनी तक नहीं हो रही
टैरिफ वॉर और शेयर मार्केट में गिरावट से सोना चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं। एक साल में भाव 20 से 25 फीसद तक बढ़ गए हैं। इससे खरीदार ओझल हो गए हैं। कई दुकानदारों की तो बोहनी तक नहीं हो रही है। जब तक टैरिफ वॉर पर नियंत्रण और शेयर बाजार में उछाल नहीं आएगा, तब तक महंगाई पर अंकुश की उम्मीद कम है।-संजय कुमार मित्तल अध्यक्ष सर्राफा कमेटी, फर्म लाला कृष्ण औतार संजय मित्तल सर्राफ शापिंग सेंटर उझानी।
राजेश वार्ष्णेय एमके



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
