9:11 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

राष्ट्र प्रथम की भावना को ध्यान में रखते हुए करे कार्य -सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता

काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समापन समारोह में जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजन हुए सम्मानित

बदायूँ : 08 अगस्त। काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समापन समारोह के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत फिर से विश्व के शिखर पर होगा। जो जिस व्यक्ति का दायित्व है अगर वह पूरी ईमानदारी से उसका निर्वहन करे तो भारत फिर से सोने की चिड़िया बनेगा, ऐसा दिन अब दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को राष्ट्र प्रथम की भावना को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए। सदर विधायक,जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने परिसर में लगाई गई विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसे सराहा। इस मौके पर जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक ने सभी से स्वदेशी का उपयोग करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि अच्छा सोचो तो अच्छा होगा, आज नहीं तो कल होगा। उन्होंने क्रांतिकारी व उन वीर सपूतों को नमन किया जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च न्यौछावर कर दिया। इससे पहले सदर विधायक ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा गीत, नाटक आदि की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि सभी से आवाहन किया कि हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत 13 से 15 अगस्त 2025 तक सभी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले व पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इससे पहले परिसर डायट परिसर आगमन पर जनप्रतिनिधियों का स्वागत बुके देकर किया गया। इस मौके पर जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों अशरफी लाल, मियां जान, रामसहाय, वीरेंद्र सिंह के परिवारजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा झलक जोशी ने देश भक्ति गीत, राजकीय महाविद्यालय आवास विकास की छात्रा ने भाषण दिया। वहीं केदारनाथ महिला डिग्री कॉलेज की छात्राओं द्वारा नाट्य मंचन तथा दृष्टिबाधित छात्रा द्वारा देशभक्ति गीत व नगर पालिका परिषद इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा नृत्य, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन पर नाटय मंचन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे सभी ने सराहा व प्रशंसा की।
डायट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के लखनऊ के काकोरी में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व छात्र-छात्राओं व अन्य गणमान्य लोगों ने देखा। वही लखनऊ के कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन पर बनाई गई पुस्तिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक, अशोक भारतीय, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.